पंडरिया में विकास की नई इबारत: ₹14.14 करोड़ की सड़कों से गांव-गांव जुड़ेगा, 500 किमी सड़क निर्माण से बदलेगी तस्वीर और तेज होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

पंडरिया विधानसभा में विकास को नई दिशा देते हुए विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों से बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्यों को बड़ी सौगात मिली है। लोक निर्माण विभाग द्वारा बजट वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत ₹14 करोड़ 14 लाख 35 हजार की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
इन स्वीकृत कार्यों में प्रधानमंत्री सड़क से जुड़ते हुए डेंगुरु जाम से अमनिया मार्ग (3.20 किमी) के लिए ₹5.79 करोड़, भरतपुर-घोघरा मार्ग (3.50 किमी) हेतु ₹6.12 करोड़ तथा महली से नानापुरी तक (3 किमी) सड़क मजबूतीकरण के लिए ₹2.23 करोड़ शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से डेंगुरु जाम, टेडापानी, अमनिया, भगतपुर, घोघरा, महली और नानापुरी सहित आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक भावना बोहरा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गांव तक सुरक्षित और सर्व मौसम सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और जन-जीवन में व्यापक सुधार होगा।

उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा में लगभग 500 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य जारी हैं, जो क्षेत्र की तस्वीर बदल रहे हैं। साथ ही 300 करोड़ से अधिक की सिंचाई परियोजनाएं, पुल-पुलिया निर्माण, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और नगरीय विकास के कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल हुई है, जिसमें नालंदा लाइब्रेरी, मिनी स्टेडियम, नए महाविद्यालय और स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन शामिल है। पांडातराई और पंडरिया बाइपास जैसे बड़े प्रोजेक्ट भी क्षेत्र को नई पहचान दे रहे हैं।
विधायक ने कहा कि पंडरिया में सड़क विस्तार केवल निर्माण नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की मजबूत नींव है, जो क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़कर एक आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!