राजधानी में पंडरिया वासियों के लिए बना सेवा का घर: निःशुल्क सुविधा से आसान होगा इलाज का सफर

जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर सेक्टर-2 में “पंडरिया सेवा सदन” का शुभारंभ कर दिया है। यह सेवा सदन पंडरिया विधानसभा से इलाज के लिए रायपुर आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए किसी राहत केंद्र से कम नहीं होगा, जहां उन्हें निःशुल्क ठहरने और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

विधायक भावना बोहरा ने इस पहल को “भावना दीदी की गारंटी” का एक महत्वपूर्ण वादा बताते हुए कहा कि यह भवन केवल एक संरचना नहीं, बल्कि पंडरिया की जनता के विश्वास, सहयोग और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब कोई परिवार अपने मरीज के इलाज के लिए घर से दूर आता है, तो उसे सबसे ज्यादा चिंता रहने और भोजन की होती है—“पंडरिया सेवा सदन” इसी चिंता को खत्म करने का प्रयास है।

मरीजों के परिजनों को मिलेगा संपूर्ण सहारा

अब पंडरिया क्षेत्र से रायपुर आने वाले परिवारों को महंगे होटलों या असुविधाओं से जूझना नहीं पड़ेगा। सेवा सदन में स्वच्छ कमरे, सात्विक भोजन, स्नान-शौचालय, पेयजल, बिजली और विश्राम के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। यह स्थान न केवल सुविधा देगा, बल्कि मानसिक संबल भी प्रदान करेगा, जिससे परिजन अपने मरीज के इलाज पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

जनता को समर्पित, सेवा का संकल्प

विधायक बोहरा ने सेवा सदन को जनता को समर्पित करते हुए कहा कि यह पहल समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए एक मजबूत सहारा बनेगी। उन्होंने पंडरिया की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास ने ही इस संकल्प को साकार किया है।

विकास और जनसेवा की लगातार कड़ी

पंडरिया विधानसभा में पिछले कुछ वर्षों में कई जनहितकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। इनमें बेटियों के लिए निःशुल्क बस सेवा, आपातकालीन एम्बुलेंस सुविधा, मोबाइल हेल्थ लैब और युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग जैसी पहल शामिल हैं। साथ ही, 500 किमी से अधिक सड़कों का निर्माण, सिंचाई परियोजनाएं, पुल-पुलिया, और वनांचल क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार भी तेजी से जारी है।

संपर्क कर उठा सकते हैं लाभ

सेवा सदन की सुविधा का लाभ लेने के लिए 7747892000 और 7747992000 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

👉 “पंडरिया सेवा सदन” न केवल एक सुविधा केंद्र है, बल्कि यह उस संवेदनशील नेतृत्व की पहचान है, जो जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!