बच्चों की मुस्कान बनी पुलिस की पहचान: एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बांटी शैक्षणिक सामग्री, जन चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

कवर्धा। कबीरधाम जिले के ग्राम सरोदादर में सोमवार को पुलिस का संवेदनशील और जनहितकारी चेहरा देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने गांव पहुंचकर स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया। बच्चों को पेन, कॉपी, पेंसिल, रबर, कटर, स्लेट, पहाड़ा सहित अन्य अध्ययन सामग्री प्रदान की गई। सामग्री मिलते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी और पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बन गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने, मेहनत से पढ़ाई करने तथा माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने की अपील की। वहीं ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के बाद एसपी ने गांव में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं, सुझाव और शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस की जनहितकारी योजनाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी भी साझा की।
एसपी ने ग्रामीणों और युवाओं को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, संदिग्ध कॉल और लिंक से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
ग्रामीणों, अभिभावकों और शिक्षकों ने पुलिस अधीक्षक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में थाना प्रभारी चिल्फी लालजी सिन्हा, पुलिस स्टाफ, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बच्चों के हाथों में शैक्षणिक सामग्री और चेहरों पर मुस्कान इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि बनकर सामने आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!