कवर्धा। कबीरधाम जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की मान्यता संबंधी अड़चन दूर कराने के लिए सांसद Santosh Pandey ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री J. P. Nadda को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। सांसद ने नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से मामले पर पुनर्विचार कराने और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया है कि केंद्र सरकार द्वारा कबीरधाम जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को पूर्व में स्वीकृति दी जा चुकी है तथा राज्य सरकार ने भवन निर्माण के लिए राशि भी मंजूर कर दी है। मेडिकल कॉलेज के स्थायी भवन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इस शैक्षणिक सत्र से वैकल्पिक भवन में कॉलेज संचालन की योजना थी, लेकिन अधोसंरचना संबंधी कारणों का हवाला देते हुए NMC द्वारा मान्यता नहीं दी गई।
सांसद पांडेय ने बताया कि वर्तमान में मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए जिला अस्पताल के समीप स्थित आयुष भवन उपलब्ध है। आवश्यकता पड़ने पर उद्योग भवन का भी उपयोग किया जा सकता है। छात्र-छात्राओं के आवास के लिए पुराने तहसील कार्यालय को चिन्हित किया गया है। वहीं, कवर्धा जिला अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं और मरीजों के परिजनों के लिए विश्राम भवन का उपयोग भी आवश्यकतानुसार किया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी वर्षों में सभी आवश्यक अधोसंरचनात्मक मानक पूर्ण कर लिए जाएंगे।
सांसद के प्रयासों से मिली थी मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति
सांसद संतोष पांडेय लंबे समय से कबीरधाम जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए प्रयासरत रहे हैं। वर्ष 2021 में उन्होंने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया था तथा तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री Harsh Vardhan को पत्र लिखकर मांग रखी थी। इसके बाद वर्ष 2023 में तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री Mansukh Mandaviya से मुलाकात कर भी मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता बताई थी। लगातार प्रयासों के बाद केंद्र सरकार ने मेडिकल कॉलेज को स्वीकृति प्रदान की। बाद में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai से मुलाकात के पश्चात राज्य सरकार ने भवन निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी की।
कवर्धा मेडिकल कॉलेज की मान्यता के लिए सांसद संतोष पांडेय सक्रिय, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को लिखा पत्र


