“खेलो इंडिया संवाद’ में सांसद संतोष पांडेय हुए शामिल, उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
कवर्धा/सहसपुर लोहारा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सहसपुर लोहारा स्थित शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध महाविद्यालय में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्र सरकार के खेल मंत्रालय एवं मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं और प्रमुख संस्थानों को संबोधित किया। कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के लिए सहसपुर लोहारा महाविद्यालय का चयन किया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं को खेलों से जुड़ने का संदेश देते हुए कहा कि खेल युवाओं में नशे से दूर रहने की इच्छाशक्ति जगाता है। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ केवल खेलों की चर्चा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के विचारों को देश के विजन से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। प्रधानमंत्री ने युवाओं को स्क्रीन और मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर मैदानों और स्पोर्ट्स सेंटर से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मेजर ध्यानचंद के खेल योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय भी शामिल हुए। उन्होंने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान सांसद ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा पैदा करते हैं। केंद्र सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी उन्होंने जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती के.एस. परिहार ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन काजल साहू एवं आभा जोशी ने किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता मिश्रा, उपाध्यक्ष हेमंत साहू सहित जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



