कवर्धा, 18 जून 2026। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय कवर्धा में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने बिजली दरों में हालिया बढ़ोतरी, बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता, किसानों और छोटे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी की गई है। कृषि पंपों की बिजली दरों में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि हुई है। उनका कहना था कि प्रदेश में 45 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं के बिल जून माह में औसतन तीन गुना तक बढ़कर आए हैं, जबकि कई क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती भी जारी है।
पत्रकार वार्ता में स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर वास्तविक खपत से अधिक रीडिंग दर्ज कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक बिल भरना पड़ रहा है। साथ ही बिजली बिल हाफ योजना बंद होने और बढ़ी हुई दरों को भी बढ़े हुए बिलों का प्रमुख कारण बताया गया।
कांग्रेस ने मांग की कि सरकार बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस ले, स्मार्ट मीटर व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराए और उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
पत्रकार वार्ता में डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल, पूर्व विधायक ममता चंद्राकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह, आकाश केसरवानी, वीरेंद्र जांगड़े, गोपाल चंद्रवंशी, अगम दास आनंद, श्रीमती सीमा अनंत, वाल्मीकि वर्मा, संतोष यादव (भक्कू), दीपक ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



