कवर्धा, 15 जून। जिले की दसरंगपुर चौकी पुलिस ने विद्युत सामग्री चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की आरडीएसएस योजना के तहत उपयोग की जाने वाली केबल, कंडक्टर एवं अन्य विद्युत सामग्री चोरी कर बेचने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी शैलेन्द्र वर्मा ने 14 मई 2026 को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरडीएसएस योजना के अंतर्गत ग्राम कोसमंदा में कार्य कर रही पेटी ठेकेदार फर्म तिवारी कंस्ट्रक्शन के लिए जारी विद्युत सामग्री को ग्राम के शासकीय स्कूल में स्टोर कर रखा गया था। आरोप है कि फर्म संचालक की ओर से अधिकृत सोनु तिवारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर केबल वायर, कंडक्टर एवं अन्य विद्युत सामग्री चोरी कर बेच दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 166/2026 धारा 316(5) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान गवाहों के बयान लिए गए तथा आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में मुख्य आरोपी सोनु तिवारी एवं ट्रक चालक अभिषेक बघेल ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर ददनु तिवारी और घनश्याम आजाद की भूमिका भी सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आईशर ट्रक क्रमांक यूपी-14 आरटी-6618 तथा लगभग 2470 किलोग्राम विद्युत सामग्री बरामद की है। इसके अलावा मामले में प्रयुक्त एक्सयूवी कार क्रमांक यूपी-46 वी-4143 को भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनु तिवारी (बहराइच, उत्तर प्रदेश), दिनेश प्रताप शर्मा (श्रावस्ती, उत्तर प्रदेश), अभिषेक बघेल (भिंड, मध्य प्रदेश), ददनु तिवारी (श्रावस्ती, उत्तर प्रदेश) तथा घनश्याम आजाद (बहराइच, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। मामले की विवेचना अभी जारी है और पुलिस को आशंका है कि चोरी की गई सामग्री की बिक्री से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं।



