3.76 करोड़ की लागत से बनेगी धौराबंद-प्राणखैरा सड़क
विधायक भावना बोहरा ने किया भूमिपूजन, ग्रामीणों में खुशी

कबीरधाम जिले के पंडरिया क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित धौराबंद-बंशापुर से प्राणखैरा सड़क निर्माण कार्य का सोमवार को भूमिपूजन किया गया। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम प्राणखैरा में आयोजित कार्यक्रम में 3 करोड़ 76 लाख 23 हजार रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क परियोजना का शुभारंभ किया। पुल-पुलिया सहित 2.312 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से धौराबंद, आमादाह, बंशापुर, प्राणखैरा समेत आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। इसके निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है और प्रदेश की भाजपा सरकार ग्रामीण अधोसंरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
विधायक ने बताया कि सड़क बनने के बाद दामापुर क्षेत्र तथा आसपास के ग्रामीणों को कवर्धा, बोड़ला और रायपुर आने-जाने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय, श्रम और परिवहन व्यय में कमी आएगी। साथ ही विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और मरीजों को बारहमासी सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा में पिछले वर्षों में 500 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इसके अलावा क्षेत्र में सिंचाई परियोजनाएं, शैक्षणिक संस्थान, छात्रावास, नालंदा परिसर लाइब्रेरी, व्यावसायिक परिसर, मिनी स्टेडियम तथा अन्य जनसुविधा संबंधी कार्यों को भी स्वीकृति दिलाई गई है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में कुंडा मंडल अध्यक्ष बालमुकुंद चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राजेश्वरी धृतलहरे, सुशीला अश्वनी यदु, मंडल महामंत्री मनहरण साहू, विकास पांडे, महेंद्र धृतलहरे, दिनेश मिश्रा, परस सिंगरौल, सरपंच सोनम कुलेश्वर चंद्राकर सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!