सरदार पटेल की जयंती पर पंडरिया में एकता की दौड़, विधायक भावना बोहरा के साथ 500 से अधिक युवाओं ने लगाई दौड़

मिनी मैराथन के जरिए दिया राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश, महिला एवं पुरुष वर्ग के विजेताओं को विधायक ने किया सम्मानित

पंडरिया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पंडरिया में ‘रन फॉर यूनिटी’ मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। विधायक भावना बोहरा की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

मिनी मैराथन का शुभारंभ पंडरिया महाविद्यालय परिसर से हुआ। विधायक भावना बोहरा ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। दौड़ विभिन्न मार्गों से होते हुए पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। महिला एवं पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विधायक ने स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रभक्ति, दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ महज एक दौड़ नहीं, बल्कि देश की एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय एकता दिवस जैसे आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाषा, संस्कृति और क्षेत्र की विविधताओं के बावजूद हमारी राष्ट्रीय पहचान एक है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प तभी मजबूत होगा, जब प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखेगा।

कार्यक्रम में नगर पालिका पंडरिया अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष सरिता सोनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रविश ठाकुर, चंद्रकुमार सोनी, हरीश जैन, अंजू शर्मा सहित पार्षद, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!