पंडरिया के वनांचल में कथित धर्मांतरण का मुद्दा गरमाया, 18 गांवों के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर खोला मोर्चा

कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल इलाकों में कथित धर्मांतरण का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित होने के आरोप लगाते हुए 18 गांवों के ग्रामीणों ने अब इसके खिलाफ आवाज बुलंद की है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और सरपंचों के साथ जिला मुख्यालय कवर्धा स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई।

ग्रामीणों का आरोप है कि वनांचल क्षेत्र में रहने वाले अधिकांश लोग आर्थिक रूप से कमजोर, अशिक्षित और भोले-भाले हैं। विशेषकर आदिवासी, बैगा एवं अन्य समाज के लोगों को कथित तौर पर प्रलोभन देकर, गुमराह कर और विभिन्न तरीकों से उनके मूल धर्म एवं परंपराओं से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस गतिविधि में बाहरी मिशनरियों के साथ-साथ गांव के कुछ धर्मांतरित व्यक्ति भी सक्रिय हैं।

कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण अपने साथ कथित रूप से धर्मांतरण की गतिविधियों में शामिल शासकीय एवं गैर शासकीय व्यक्तियों के नामों की सूची भी लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने क्षेत्र में कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित चर्च और धार्मिक गतिविधियों की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल धर्म परिवर्तन का मामला नहीं, बल्कि उनकी सामाजिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान से जुड़ा विषय है। उनका आग्रह है कि प्रशासन वनांचल के गांवों में चल रही गतिविधियों की गंभीरता से जांच करे और यदि कहीं दबाव, प्रलोभन या धोखाधड़ी के माध्यम से धर्मांतरण कराया जा रहा है, तो दोषियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे।

अब बड़ा सवाल यह है कि 18 गांवों के ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए इस ज्ञापन के बाद जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है? क्या कथित धर्मांतरण और चर्च संचालन से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई होगी? फिलहाल ग्रामीणों की इस पहल के बाद पंडरिया के वनांचल क्षेत्र में धर्मांतरण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!