पंडरिया विधानसभा के दामापुर में प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार, उप तहसील (लिंक कोर्ट) कार्यालय शुरू होने से ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत; विधायक भावना बोहरा ने 46.96 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के दामापुर और आसपास के ग्रामीणों के लिए विकास एवं प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम दामापुर में उप तहसील (लिंक कोर्ट) कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस कार्यालय के शुरू होने से अब क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, भूमि अभिलेख और राजस्व प्रकरणों से जुड़े कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से लोगों के समय, धन और श्रम की बचत होगी।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कुल 46 लाख 96 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इनमें हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, आदिवासी बालक आश्रम माध्यमिक शाला भवन, रंगमंच और सामुदायिक भवन का लोकार्पण शामिल है। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आहता निर्माण और सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर विकास कार्यों की सौगात दी गई।

अब ग्रामीणों को राजस्व कार्यों के लिए नहीं लगाना पड़ेगा चक्कर

उप तहसील (लिंक कोर्ट) कार्यालय प्रारंभ होने से दामापुर सहित आसपास के गांवों के नागरिकों को प्रशासनिक सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध होंगी। विशेषकर किसानों, बुजुर्गों और महिलाओं को छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी। स्थानीय स्तर पर राजस्व प्रकरणों की सुनवाई और प्रशासनिक कार्यों के निराकरण में भी सहूलियत होगी। इससे आम नागरिकों और प्रशासन के बीच संपर्क मजबूत होने के साथ समस्याओं के त्वरित निराकरण का रास्ता भी आसान होगा।

गांव, गरीब, किसान और युवाओं के विकास को प्राथमिकता : भावना बोहरा

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में विकास के साथ जनसुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। दामापुर में उप तहसील कार्यालय की शुरुआत केवल एक प्रशासनिक कार्यालय का शुभारंभ नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अब क्षेत्र के किसानों, बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की डबल इंजन भाजपा सरकार सुशासन, जनकल्याण और सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ केवल शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से पंडरिया विधानसभा के शहरी, ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और प्रशासनिक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन को भी मिलेगा बढ़ावा

भावना बोहरा ने कहा कि दामापुर में लोकार्पित और भूमिपूजन किए गए विकास कार्य क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर स्वीकृत किए गए हैं। हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्ष बनने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, वहीं आदिवासी बालक आश्रम माध्यमिक शाला भवन से वनांचल के विद्यार्थियों को शिक्षा और आवास की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। रंगमंच और सामुदायिक भवन से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान मिलेगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आहता निर्माण से परिसर की व्यवस्था एवं सुरक्षा बेहतर होगी, जबकि सीसी रोड निर्माण से आवागमन सुगम होगा।

उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी गांव बुनियादी सुविधाओं और विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति देना और आमजन का जीवन सरल एवं सुविधाजनक बनाना ही हमारा उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!