नन्हीं उम्र में बड़ा कमाल! अशोका पब्लिक स्कूल की रूही ने राज्य स्तरीय जु-जित्सु चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया कबीरधाम का गौरव, शानदार खेल कौशल से प्रतिद्वंद्वियों को दी मात

प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, इसे कबीरधाम जिले की नन्हीं खिलाड़ी रूही ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा से साबित कर दिखाया है। राजनांदगांव में आयोजित छठवीं छत्तीसगढ़ स्टेट जु-जित्सु चैंपियनशिप में अशोका पब्लिक स्कूल की कक्षा यत्न-1 की छात्रा रूही ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और जिले के साथ-साथ अपने विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रूही ने अपनी आयु एवं भार वर्ग में पूरे आत्मविश्वास और बेहतरीन खेल कौशल का परिचय दिया। मुकाबले के दौरान शानदार दांव-पेच दिखाते हुए उसने अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात दी और गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इतनी कम उम्र में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में यह बड़ी उपलब्धि हासिल करना रूही की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

रूही जु-जित्सु एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की जिला इकाई कबीरधाम के अनुभवी कोच एवं राष्ट्रीय रेफरी देव मोटघरे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके कुशल मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास ने रूही की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

रूही की इस शानदार सफलता पर अशोका पब्लिक स्कूल प्रबंधन एवं समस्त विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इतनी छोटी उम्र में रूही ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उसकी सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

कबीरधाम के खिलाड़ियों ने जीते 13 पदक

उल्लेखनीय है कि इस छठवीं छत्तीसगढ़ स्टेट जु-जित्सु चैंपियनशिप में कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जिले के खिलाड़ियों ने कुल 13 पदक अपने नाम किए, जिनमें 10 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे सभी खिलाड़ियों ने कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्राप्त कीं।

नन्हीं रूही की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि सही मार्गदर्शन, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से छोटी उम्र में भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। अशोका पब्लिक स्कूल परिवार ने रूही के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आने वाले समय में भी अपनी प्रतिभा से जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!