पंडरिया विधानसभा के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के विकास को एक और बड़ी सौगात देते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम महीडबरा से बांटी पथरा तक बनने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क का भूमिपूजन किया। लगभग ₹2 करोड़ 69 लाख की लागत से निर्मित होने वाली 2.50 किलोमीटर लंबी इस सड़क से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा वनांचल क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार के नेतृत्व में पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सड़क निर्माण से ग्राम महीडबरा, बांटीपथरा, दमगढ़, ताईतिरनी, अमलीटोला, घोघरा, नेउर कुशियारी, उतका एवं तिलियापानी सहित आसपास के अनेक गांवों के लोगों को सुरक्षित, सुगम और बारहमासी आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं रोजगार से जुड़ी सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के अंतिम छोर तक बसे ग्रामीणों को सड़क, बिजली, पानी और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बारहमासी सड़क संपर्क ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आपदा प्रबंधन जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करता है। यही कारण है कि पंडरिया विधानसभा में लगभग 500 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण एवं विस्तार कार्यों के माध्यम से विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों की उपेक्षा की गई थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में इन क्षेत्रों का तेजी से विकास हो रहा है। वनांचल क्षेत्र में 100 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण कार्य, 3500 से अधिक प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण, विद्युत विहीन गांवों तक बिजली पहुंचाने तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने जैसे अनेक कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। इन विकास कार्यों के परिणामस्वरूप दूरस्थ क्षेत्रों के लोग मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।


