पति के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प, पदभार ग्रहण करते भावुक हुईं नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सरिता मिश्रा _

कबीरधाम जिले के नगर पंचायत सहसपुर लोहारा क्षेत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सरिता मिश्रा ने भारी बहुमत से जीत दर्ज करने के बाद गुरुवार को शपथ ग्रहण एवं पदभार ग्रहण किया। सहसपुर लोहारा में आयोजित समारोह में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति रही।
यह उपचुनाव नगर पंचायत के दिवंगत अध्यक्ष स्वर्गीय संतोष मिश्रा के निधन के बाद रिक्त हुए पद के लिए कराया गया था। उनकी पत्नी सरिता मिश्रा को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया था, जिन्हें जनता ने भरपूर समर्थन देते हुए विजयी बनाया।
पदभार ग्रहण के दौरान माहौल उस समय भावुक हो गया जब नवनिर्वाचित अध्यक्ष सरिता मिश्रा अपने स्वर्गीय पति को याद करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उनके पति स्वर्गीय संतोष मिश्रा ने नगर के विकास के लिए कई सपने देखे थे और अनेक योजनाओं पर कार्य शुरू किया था, लेकिन उनका असमय निधन हो जाने से कई काम अधूरे रह गए।
उन्होंने नम आंखों से कहा, “मैं अपने पति के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेती हूं। नगर के विकास के लिए जो कार्य बाकी हैं, उन्हें पूरी निष्ठा और ईमानदारी से आगे बढ़ाऊंगी। जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगी।
सरिता मिश्रा ने अपनी जीत के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे नगर की जीत है।
वहीं चुनाव में भाजपा की ओर से महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गोपाल साहू ने भी सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता के सहयोग से यह ऐतिहासिक सफलता मिली है।
शपथ ग्रहण और पदभार ग्रहण समारोह के दौरान समर्थकों ने सरिता मिश्रा का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अब नगरवासियों की उम्मीदें सरिता मिश्रा से जुड़ गई हैं, जो अपने दिवंगत पति के अधूरे सपनों को पूरा कर नगर विकास की नई इबारत लिखने का संकल्प लेकर जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!