पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा ने नगर पंचायत पांडातराई में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना निर्माण परियोजनाओं एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करना और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में विधायक भावना बोहरा ने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, बिजली व्यवस्था में सुधार, निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता, उप तहसील कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति तथा प्रशासनिक कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही राशन कार्ड, भू-स्वामित्व कार्ड, आयुष्मान कार्ड, भूमिहीन किसानों को आर्थिक सहायता, पेंशनधारियों को समय पर पेंशन वितरण सहित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि जनता की सुविधाओं का ध्यान रखना और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनका मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पांडातराई की जनता से किए गए वादों को पूरा करना और नगर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनका संकल्प है। समीक्षा बैठक में विकास कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुझाव और दिशा-निर्देश दिए ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और विकास कार्यों का लाभ शीघ्रता से जनता तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए नगर के विकास को नई गति दी जा रही है। भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सुशासन की भावना के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो।

विधायक भावना बोहरा ने जानकारी दी कि प्रदेश में नरेंद्र मोदी और विष्णु देव साय के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनने के बाद नगर पंचायत पांडातराई में विकास कार्यों और अधोसंरचना निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृतियां मिली हैं। इनमें से कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं जबकि अनेक परियोजनाएं तेजी से प्रगति पर हैं।
उन्होंने बताया कि पांडातराई में उप तहसील की स्थापना क्षेत्रवासियों को उनके घर के नजदीक प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। नगर में सड़कों का व्यापक विस्तार किया जा रहा है। पांडातराई बायपास, पांडातराई-फास्टरपुर मार्ग, पोंड़ी-पांडातराई-पंडरिया मार्ग तथा एनएच-130ए पर हॉफ नदी में उच्च स्तरीय पुल निर्माण जैसी बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट, चौक-चौराहों एवं तालाबों का सौंदर्यीकरण, विद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार, सीसी रोड और नाली निर्माण, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम और विभिन्न जनसुविधा केंद्रों का निर्माण जैसे अनेक कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं और विकास परियोजनाओं के माध्यम से पांडातराई विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है तथा नगरवासियों को बेहतर सुविधाओं के साथ आर्थिक और सामाजिक लाभ भी प्राप्त हो रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुशासन और पारदर्शिता के साथ सभी विकास कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा तथा ट्रिपल इंजन सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होगी।



