पंडरिया के युवाओं को मिली 4.41 करोड़ की बड़ी सौगात: विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से बनेगा अत्याधुनिक 250 सीटर नालंदा परिसर, अब गांव के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की आधुनिक सुविधाएं

पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों से पंडरिया नगर में 250 सीटर अत्याधुनिक नालंदा परिसर लाइब्रेरी के निर्माण हेतु ₹4 करोड़ 41 लाख 49 हजार की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए बेहतर वातावरण प्रदान करेगी।

नालंदा परिसर में विद्यार्थियों को आधुनिक पुस्तकालय, डिजिटल अध्ययन संसाधन, हाई-स्पीड वाई-फाई, समाचार-पत्र एवं पत्रिकाएं, शांत अध्ययन कक्ष और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जिन्हें बेहतर अध्ययन संसाधनों के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था।

नालंदा परिसर की स्वीकृति मिलने पर विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना केवल एक भवन नहीं बल्कि पंडरिया विधानसभा के युवाओं के सपनों का केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और युवा सशक्तिकरण ही विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव है तथा नालंदा परिसर क्षेत्र के विद्यार्थियों को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

विधायक बोहरा ने बताया कि पंडरिया विधानसभा का बड़ा हिस्सा ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों से जुड़ा है, जहां अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा की तैयारी नहीं कर पाते। नालंदा परिसर के निर्माण से ऐसे विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का वातावरण मिलेगा और वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि युवाओं और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विधानसभा क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के लिए संचालित 8 निःशुल्क बस सेवाओं से आज एक हजार से अधिक बेटियां लाभान्वित हो रही हैं। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई ‘लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग’ के माध्यम से लगभग 250 विद्यार्थियों को CGPSC, NEET और IIT-JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है।

भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को साकार करने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। नालंदा परिसर विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता से सशक्त बनाने का केंद्र बनेगा तथा ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बड़े शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना पंडरिया को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी और आने वाले वर्षों में हजारों युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी। नालंदा परिसर केवल एक पुस्तकालय नहीं, बल्कि पंडरिया के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला ज्ञान और अवसरों का आधुनिक केंद्र होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!