पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के नगरीय विकास को एक नई दिशा देते हुए विधायक भावना बोहरा के निरंतर प्रयासों और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का बड़ा परिणाम सामने आया है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव द्वारा नगर पालिका पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई के लिए कुल ₹2 करोड़ 98 लाख 48 हजार के विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति से दोनों नगरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को आधुनिक और बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
गौरतलब है कि 9 जनवरी 2026 को पंडरिया नगर में आयोजित विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं एवं विकास संबंधी मांगों को उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के समक्ष प्रमुखता से रखा था। जनता की भावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नगर पालिका पंडरिया के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नगर पंचायत पांडातराई एवं इन्दौरी के लिए 1-1 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की थी।
घोषणा के अनुरूप पूर्व में नगर पंचायत इन्दौरी के लिए 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, वहीं अब नगर पालिका पंडरिया के लिए ₹1 करोड़ 98 लाख 48 हजार तथा नगर पंचायत पांडातराई के लिए ₹1 करोड़ की राशि विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना कार्यों हेतु स्वीकृत की गई है। इस स्वीकृति के बाद क्षेत्रवासियों में उत्साह और खुशी का माहौल है तथा जनता का विश्वास सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति और अधिक मजबूत हुआ है।

विधायक भावना बोहरा ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों का संतुलित और सुनियोजित विकास लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहती बल्कि जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का कार्य करती है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सेवा और सुशासन का नया अध्याय लिखा जा रहा है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका पंडरिया में हाई मास्ट लाइट की स्थापना, सर्वसुविधायुक्त उद्यान निर्माण, किड्स प्ले एरिया और विभिन्न वार्डों में प्रकाश व्यवस्था के विस्तार से नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं नगर पंचायत पांडातराई में सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन निर्माण तथा मुक्तिधाम उन्नयन जैसे कार्य सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को नई मजबूती प्रदान करेंगे। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद नगरों में आधारभूत सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी, नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा तथा बच्चों, युवाओं एवं परिवारों के लिए बेहतर वातावरण का निर्माण होगा।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की स्वीकृतियों का सिलसिला लगातार जारी है और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दिलाकर विकास की गति को और तेज किया जाएगा। उन्होंने पंडरिया एवं पांडातराई की समस्त जनता की ओर से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से पंडरिया विधानसभा क्षेत्र विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तथा जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित हो रहा है।
जनहित और नगर विकास के लिए महत्वपूर्ण होंगे ये कार्य
विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से नगर पालिका पंडरिया अंतर्गत नगर के प्रमुख मार्गों में हाई मास्ट लाइट स्थापना, किड्स प्ले एरिया सहित सर्वसुविधायुक्त उद्यान निर्माण, वार्ड क्रमांक 09 सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड (रौहा क्षेत्र), वार्ड क्रमांक 10 पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड (मोतीपुर क्षेत्र) एवं वार्ड क्रमांक 14 संत रविदास वार्ड (कुबा क्षेत्र) में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु कुल ₹1 करोड़ 98 लाख 48 हजार की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत पांडातराई में सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन निर्माण एवं मुक्तिधाम उन्नयन हेतु ₹1 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं पूर्व में नगर पंचायत इन्दौरी में दुकानों के निर्माण, मांगलिक भवन निर्माण तथा मुक्तिधाम उन्नयन के लिए ₹1 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।


