कवर्धा/पंडरिया। कबीरधाम जिले के ग्राम किशुनगढ़ में नाली निर्माण के दौरान मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जी राम जी योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य के दौरान झाड़ियों के बीच एक मानव खोपड़ी दिखाई दी। मौके पर आसपास पॉलिथीन, थैला, चप्पल और अन्य सामान भी मिलने की बात सामने आई है।
मानव खोपड़ी नजर आते ही मौके पर हड़कंप मच गया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पंडरिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। कंकाल की स्थिति, उसकी पहचान और घटनास्थल पर मिले सामान को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कंकाल या उससे जुड़ा सामान कहीं दूसरी जगह से बहकर अथवा किसी अन्य माध्यम से यहां पहुंचा हो सकता है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मानव अवशेष कितने पुराने हैं, मृतक की पहचान क्या है और यह यहां किन परिस्थितियों में पहुंचे।
फिलहाल ग्राम किशुनगढ़ में मिले मानव कंकाल ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही इस रहस्यमयी मामले की असलियत सामने आ सकेगी।


