विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों और सक्रिय पहल के चलते पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के नगरीय निकायों एवं ग्रामीण अंचलों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। राज्य शहरी अभिकरण, अधोसंरचना मद, राज्य प्रवर्तित योजना एवं खनिज साधन विभाग के माध्यम से ₹8 करोड़ 3 लाख 67 हजार की बड़ी राशि स्वीकृत हुई है, जिससे क्षेत्र में जनसुविधाओं का विस्तार और आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित होगा।
इस स्वीकृति के तहत नगर पंचायत पांडातराई में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी-2.0) के अंतर्गत इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन ड्रेन सहित एसटीपी निर्माण के लिए ₹3 करोड़ 6 लाख 88 हजार की मंजूरी दी गई है। वहीं नगर पालिका पंडरिया, नगर पंचायत इंदौरी और पांडातराई में अधोसंरचना विकास हेतु ₹3 करोड़ 36 लाख 79 हजार स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही पंडरिया विधानसभा के 8 ग्राम पंचायतों में नवीन पंचायत भवन निर्माण के लिए ₹1 करोड़ 60 लाख की राशि मंजूर की गई है।
इस महत्वपूर्ण सौगात पर विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि उप मुख्यमंत्री के पंडरिया प्रवास के दौरान रखी गई मांगों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
विधायक बोहरा ने कहा कि पांडातराई में प्रस्तावित एसटीपी परियोजना न केवल स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि जल प्रदूषण को कम कर पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को भी मजबूती देगी। इससे नगर में जलभराव और गंदगी की समस्या में कमी आएगी तथा जलस्रोतों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

उन्होंने आगे कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से पंडरिया में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। अधोसंरचना मद के तहत इंदौरी में दुकानों का निर्माण, मांगलिक भवन एवं मुक्तिधाम उन्नयन जैसे कार्य स्थानीय रोजगार, सामाजिक गतिविधियों और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करेंगे।
ग्रामीण विकास पर जोर देते हुए विधायक ने कहा कि 8 नए पंचायत भवनों का निर्माण गांवों में सुशासन, पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव रखेगा। ये भवन केवल संरचना नहीं, बल्कि ग्रामीण सशक्तिकरण के केंद्र बनेंगे, जहां से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
इन विकास कार्यों का होगा विस्तार
पंडरिया विधानसभा में पांडातराई में एसटीपी निर्माण, बगदई, बिरनपुरकला, नवागांवखुर्द, रेंगाबोड़, रंजीतपुर, जंगलपुर, अतरियाखुर्द और कुण्डा में पंचायत भवन निर्माण किया जाएगा। साथ ही नगर पालिका पंडरिया एवं नगर पंचायत इंदौरी व पांडातराई में मुक्तिधाम निर्माण, दुकानों और मांगलिक भवनों का निर्माण तथा अधोसंरचना उन्नयन कार्य किए जाएंगे।
इन परियोजनाओं से जहां एक ओर प्रशासनिक और सामाजिक सुविधाओं का विस्तार होगा, वहीं दूसरी ओर स्वच्छता, जल संरक्षण और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। विधायक भावना बोहरा ने भरोसा दिलाया कि जनहित और क्षेत्रीय विकास के लिए उनके प्रयास आगे भी इसी तरह निरंतर जारी रहेंगे।


