भिलाई के सेक्टर-6 स्थित पार्क जिम में 17 से 19 अप्रैल तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में कवर्धा (कबीरधाम) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में पूरे छत्तीसगढ़ से लगभग 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें पुरुष और महिला वर्ग के सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर कैटेगरी शामिल थीं।
पुरुष सीनियर वर्ग में सूरज राजपूत ने 575 किलो वजन उठाकर द्वितीय स्थान हासिल किया। गौरतलब है कि सूरज इससे पहले पांच बार “स्ट्रॉन्ग मैन ऑफ छत्तीसगढ़” का खिताब जीत चुके हैं और नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में भी भारत का नाम रोशन कर चुके हैं।
जूनियर वर्ग में भावेश यादव (74 किलो वर्ग) और सुरेश ठाकुर (66 किलो वर्ग) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सब-जूनियर वर्ग में हर्ष गुप्ता ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अनुराग जांगड़े ने 120 किलो वर्ग में प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया।
महिला वर्ग में मास्टर कैटेगरी की पद्मिनी शर्मा ने 240 किलो वजन उठाकर “स्ट्रॉन्ग वूमेन ऑफ छत्तीसगढ़” का खिताब अपने नाम किया। वे कवर्धा जिले की पहली महिला खिलाड़ी बनीं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
सभी खिलाड़ी कोच सूरज राजपूत के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेते हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कवर्धा पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष राकेश वैष्णव, सचिव सूरज राजपूत, कोषाध्यक्ष ईशा राजपूत और मीडिया प्रभारी सतीश तंबोली ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



