विश्व योग दिवस पर कवर्धा में उमड़ा जनसैलाब, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किया नियमित योग अपनाने का आह्वान

कवर्धा, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कवर्धा में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के पीजी कॉलेज डोम (इंडोर स्टेडियम) में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों, पतंजलि योग समिति के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
सुबह 7 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम स्थल पर योगाभ्यास के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं और प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षकों ने योग की विधियों और उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत की प्राचीन योग परंपरा को अपना रहा है। उन्होंने बताया कि यह 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है और विश्व के 177 से अधिक देशों में भारतीय योग पद्धति के प्रति लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत और ज्ञान परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। नियमित योग करने से शरीर निरोग रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया भारत की इस अमूल्य धरोहर को अपना रही है। उन्होंने कहा कि भारत विकास और संस्कृति दोनों क्षेत्रों में विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अमले, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। सामूहिक योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक जीवन में शामिल करने का संदेश दिया गया।
अंत में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने योग दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पतंजलि योग समिति, जिला प्रशासन और सभी सहयोगी संस्थाओं की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!