वनांचल में योग की अलख जगाने पहुंचीं विधायक भावना बोहरा, सैकड़ों लोगों संग किया सामूहिक योग

21 जून 2026 (पंडरिया)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने वनांचल ग्राम भैंसाओदार में आयोजित विशाल योग कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्रवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उनके नेतृत्व में आयोजित “स्वस्थ आयु के लिए योग” कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारतीय योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है और करोड़ों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने लोगों से नियमित योगाभ्यास कर शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंडिया गॉट टैलेंट विजेता अबूझमाड़ मल्लखंब टीम की शानदार प्रस्तुति रही, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विधायक बोहरा ने टीम का सम्मान करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। निःशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के माध्यम से हजारों लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है, वहीं 8 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवाएं क्षेत्रवासियों को चौबीसों घंटे आपातकालीन सहायता प्रदान कर रही हैं।
वनांचल क्षेत्र में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने योग, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!