गांवों में अब एआई से बदलेगा कामकाज, कबीरधाम में शुरू होगी ‘मैं एआई जागरूक हूं’ पहलसमनापुर के सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण में एआई का प्रयोग, ग्रामीणों को सुरक्षित और उपयोगी इस्तेमाल की दी जाएगी जानकारी

कवर्धा, 29 सितंबर। डिजिटल तकनीक के बदलते दौर में अब कबीरधाम के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मैं एआई जागरूक हूं’ अभियान शुरू करने की पहल की है। मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में अभियान को लेकर अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुतिकरण दिया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
समनापुर में एआई से सामुदायिक भवन का नया स्वरूप
बैठक में ईई आरईएस सुरेन्द्र पटेल ने एआई के व्यावहारिक इस्तेमाल का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ग्राम समनापुर के पटेलपारा स्थित सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण के लिए एआई तकनीक की मदद से नए स्वरूप और डिजाइन की संभावनाएं तलाश की जा रही हैं। इससे उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए भवन को अधिक आकर्षक और उपयोगी बनाने की योजना तैयार की जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास में भी उपयोग की संभावना
अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण की बेहतर योजना बनाने में भी एआई उपयोगी साबित हो सकता है। इसके माध्यम से हितग्राही आवास के संभावित डिजाइन, सुविधाओं और उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग को पहले से समझ सकते हैं।
ग्रामीणों को सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी
प्रशासन का उद्देश्य एआई को सिर्फ आधुनिक तकनीक तक सीमित रखने के बजाय आम लोगों के लिए उपयोगी बनाना है। अभियान के तहत ग्रामीणों को एआई के सुरक्षित, जिम्मेदार और व्यावहारिक इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल जागरूकता बढ़ने के साथ लोगों को बदलती तकनीक के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!