आंदोलनरत किसानों से पंडरिया विधायक भावना बोहरा से सार्थक बातचीत के बाद खत्म हुआ किसानों का आंदोलन, शुगर मिल की आर्थिक स्थिति सुधारने और भुगतान में तेजी लाने के लिए सरकार की विशेष पहल

कवर्धा/पंडरिया। पिछले दो दिनों से अपने मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे किसानों की हड़ताल आज पंडरिया विधायक भावना बोहरा और आंदोलन रथ किसानों के बीच हुई सार्थक बातचीत के बाद समाप्त हो गई है,पंडरिया क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने आश्वस्त किया है कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया में गन्ना बेचने वाले किसानों की बकाया राशि का पूर्ण भुगतान जुलाई से अगस्त माह के बीच उनके खातों में कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर भुगतान दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार, सहकारिता विभाग और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। भुगतान प्रक्रिया को गति देने के लिए शुगर मिल में उपलब्ध चीनी स्टॉक के मूल्य के बराबर अग्रिम राशि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिससे किसानों को जल्द भुगतान सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में शक्कर कारखाने की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। स्थापना व्यय को ₹15.06 करोड़ से घटाकर ₹9.65 करोड़ तथा अनुरक्षण एवं मरम्मत व्यय को ₹10.97 करोड़ से घटाकर ₹4.13 करोड़ किया गया है। साथ ही कर्मचारियों की संख्या आवश्यकता के अनुरूप सीमित करने और अन्य मदों में खर्च नियंत्रित करने से पिछले दो वर्षों में करीब ₹16 करोड़ की अतिरिक्त बचत हुई है।
भावना बोहरा ने बताया कि कारखाने की आय बढ़ाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया गया है। मोलासिस की बिक्री भी बेहतर बाजार मूल्य पर कर आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया गया है, ताकि इसका सीधा लाभ गन्ना किसानों को मिल सके।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसान क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत का पूरा मूल्य समय पर दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। भाजपा सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और गन्ना भुगतान की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विधायक ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और प्रत्येक गन्ना उत्पादक को उसके परिश्रम का उचित मूल्य समयबद्ध तरीके से मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!