विधायक भावना बोहरा की पहल बनी जनसेवा की मिसाल, ‘सीता रसोई’ में 8 माह में 28 हजार से अधिक लोगों ने किया भोजन

पंडरिया। ग्रामीण क्षेत्रों से पंडरिया आने वाले लोगों को सस्ता, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक भावना बोहरा के विशेष प्रयासों से शुरू की गई ‘सीता रसोई’ जनसेवा का एक सफल मॉडल बनकर उभरी है। करीब आठ माह पहले विधायक के हाथों शुभारंभ हुई इस सेवा के तहत प्रतिदिन लगभग 150 लोगों को मात्र 30 रुपये में शुद्ध शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक यहां 28,361 से अधिक लोग भोजन ग्रहण कर चुके हैं।
शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के बाद विधायक भावना बोहरा सीता रसोई पहुंचीं, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं, नगर के वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकारों, अधिवक्ताओं और शिक्षकों के साथ स्वयं भोजन परोसकर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई। उन्होंने सभी के साथ भोजन भी किया और भोजन की गुणवत्ता की सराहना करते हुए संचालन समिति को इस जनहितकारी सेवा को निरंतर जारी रखने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विधायक ने कहा कि सीता रसोई का उद्देश्य ग्रामीणों, श्रमिकों, कर्मचारियों और बाहर से आने वाले लोगों को सम्मानपूर्वक कम कीमत में भरपेट एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना है। आज यह पहल क्षेत्र में मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बन चुकी है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, सीता रसोई संचालन समिति के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, सचिव शैलेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष हरीश जैन सहित समिति के पदाधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, जनपद अध्यक्ष नंदनी साहू तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विधायक भावना बोहरा के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए उनका अभिनंदन किया।
संचालन समिति ने बताया कि नगर सहित अन्य शहरों के लोग भी जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर सहयोग राशि देकर सीता रसोई के संचालन में योगदान दे रहे हैं। समिति ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए इस सेवा अभियान में आगे भी सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!