पंडरिया के सर्वांगीण विकास को लेकर सख्त रुख: समीक्षा बैठक में विधायक भावना बोहरा का बड़ा संदेश, तय समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य और जनता की हर सुविधा सुनिश्चित करने के दिए कड़े निर्देश

नगर पालिका परिषद् पंडरिया में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक भावना बोहरा ने विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से और तय समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने जनता की मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक में विधायक बोहरा ने विभिन्न विभागों के कार्यों का जायजा लेते हुए कहा कि जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शिता के साथ आम लोगों तक पहुंचे।
समीक्षा के दौरान उन्होंने नगर के सभी वार्ड पार्षदों से उनके-उनके क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। वार्डों में सड़क निर्माण, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग, ट्रैफिक व्यवस्था और सौंदर्यीकरण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन सभी कार्यों में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
उन्होंने विशेष रूप से पीएम आवास योजना की किश्तों में देरी, पुराने बिजली तारों की मरम्मत, बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय, पट्टा वितरण और ट्रैफिक व्यवस्था सुधार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता से हल करने को कहा। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

विधायक बोहरा ने कहा कि बीते ढाई वर्षों में पंडरिया क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि हरिनाला पुल, अटल परिसर, भारत माता चौक, सुतियापाट नहर विस्तार, पंडरिया बायपास, चौपाटी निर्माण और राष्ट्रीय राजमार्ग 130ए के तहत सड़क मरम्मत जैसे कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। इसके अलावा 250 सीटर नालंदा परिसर, नवीन पालिका भवन और व्यावसायिक परिसर के निर्माण को भी स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है और सरकार का लक्ष्य पंडरिया को विकसित, स्वच्छ और सर्वसुविधायुक्त नगर बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!