वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस पर भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सेमरिया में गरिमामयी आगमन

वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रतीक रानी अवंती बाई लोधी के 168वें बलिदान दिवस पर पंडरिया विधानसभा के ग्राम सेमरिया में भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आगमन हुआ, जहां पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम में लोधी समाज एवं क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली। मुख्यमंत्री श्री साय ने विधायक भावना बोहरा के साथ मिलकर पंडरिया विधानसभा के सेमरिया, कुम्हार दनिया, गोछिया, भाटकुंडेरा, दनिया खुर्द एवं दानी घाटोली सहित विभिन्न ग्रामों में रानी अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमाओं का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि रानी अवंती बाई लोधी का बलिदान भारतीय इतिहास में अद्वितीय है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के समग्र विकास हेतु प्रतिबद्ध है और प्रदेश में विकास कार्यों को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को हर गांव तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही सहसपुर लोहारा में मिनी स्टेडियम एवं लोधी समाज भवन निर्माण की घोषणा भी की गई।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि समाज की उन्नति ही प्रदेश की प्रगति का आधार है और सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रही है।

विधायक भावना बोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि रानी अवंती बाई लोधी का जीवन केवल इतिहास नहीं, बल्कि साहस और स्वाभिमान की जीवंत मिसाल है। उन्होंने कहा कि लोधी समाज ने प्रदेश की सामाजिक एवं आर्थिक संरचना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने पंडरिया विधानसभा में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि क्षेत्र में 400 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण जारी है, 35 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं तथा 300 करोड़ से अधिक की सिंचाई परियोजनाएं संचालित हैं। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत 1.25 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!