कवर्धा। जिलेवासियों को स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पतंजलि योग समिति कवर्धा द्वारा भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन जीने का संदेश दिया गया।
जागरूकता रैली का शुभारंभ शारदा संगीत विश्वविद्यालय, कवर्धा से हुआ। समिति के सदस्य हाथों में योग संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। रैली सिग्नल चौक, महाराणा प्रताप चौक एवं भारत माता चौक पहुंची, जहां साधकों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से प्राणायाम, विभिन्न योगासन एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया।
इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। आयोजन के माध्यम से “योग भगाए रोग” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
रैली और योग प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में राहगीर एवं स्थानीय नागरिक भी रुके और योग के प्रति रुचि दिखाई। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, पतंजलि योग समिति के जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, भारत स्वाभिमान के जिला संयोजक अजय चंद्रवंशी, महिला पतंजलि योग समिति की प्रभारी उमा चंद्रवंशी, महामंत्री रामचंद्र जायसवाल, विनीता चंद्रवंशी, संगठन महामंत्री अशोक चंद्रवंशी, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष गोपाल कृष्ण गुप्ता, कवर्धा तहसील प्रभारी एवनाथ चंद्रवंशी, बोड़ला ब्लॉक तहसील प्रभारी कृष्णा साहू सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।



