कवर्धा। जिला अधिवक्ता संघ कवर्धा के चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता पोखराज परिहार ने शानदार जीत हासिल करते हुए सातवीं बार अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ उन्होंने अधिवक्ता संघ के 70 वर्षों के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। पहली बार किसी अधिवक्ता को सातवीं बार अध्यक्ष बनने का गौरव प्राप्त हुआ है।
बार एसोसिएशन में पंजीकृत 180 अधिवक्ताओं में से 172 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में पोखराज परिहार और प्रकाश चंद्रवंशी आमने-सामने थे। मतगणना में पोखराज परिहार को 110 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रकाश चंद्रवंशी को 62 वोट मिले। इस प्रकार परिहार ने 48 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज करते हुए अपनी मजबूत पकड़ और लोकप्रियता का परिचय दिया।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही न्यायालय परिसर में उत्साह और जश्न का माहौल बन गया। समर्थकों और अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी।
जीत के बाद अध्यक्ष पोखराज परिहार ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे कवर्धा बार परिवार की जीत है। उन्होंने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सातवें कार्यकाल में जूनियर अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, स्टाइपेंड व्यवस्था लागू कराने तथा बार भवन को डिजिटल सुविधाओं से सुसज्जित करने को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर कवर्धा बार को छत्तीसगढ़ का मॉडल बार बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक जीत को अधिवक्ता संघ में अनुभव, विश्वास और नेतृत्व क्षमता की जीत माना जा रहा है, जिसने पोखराज परिहार को एक बार फिर बार एसोसिएशन की कमान सौंप दी है।



