अशोका पब्लिक स्कूल का शानदार परचम: CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों ने लहराया सफलता का झंडा, 91% अंकों के साथ जलधि केशरवानी बनीं टॉपर, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम से शिक्षा जगत में फिर बढ़ाया कवर्धा का मान, विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण ने रचा सफलता का नया इतिहास

नगर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान अशोका पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने CBSE कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा सत्र 2025–26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक अर्जित कर यह सिद्ध कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

विद्यालय के टॉप प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में जलधि केशरवानी ने 91% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं आदर्श सोनी ने 88% तथा अक्षत ने 81% अंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा। अन्य विद्यार्थियों ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया।

विद्यालय के संचालक पवन देवांगन एवं संचालिका सारिका देवांगन ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने शिक्षकों एवं पालकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा।

उन्होंने बताया कि अशोका पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी पिछले कई वर्षों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर शहर में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं और विद्यालय को शिक्षा के क्षेत्र में विशेष मुकाम दिला रहे हैं।

इस अवसर पर संचालक महोदय ने उन विद्यार्थियों को भी प्रेरणादायक संदेश दिया जिनके अंक अपेक्षा के अनुरूप नहीं आए। उन्होंने कहा कि “कम अंक आने पर निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी होती है। यदि विद्यार्थी और अधिक मेहनत एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे तो निश्चित ही बेहतर परिणाम प्राप्त करेंगे।” उन्होंने यह भी जानकारी दी कि CBSE विद्यार्थियों को अंक सुधार हेतु Improvement Exam का अवसर भी प्रदान करता है।

विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण देखने को मिला। प्राचार्य एस.एल. नापित, उप-प्राचार्य लोकनाथ देवांगन एवं एडमिन सागर नामदेव ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के शानदार परिणाम से अभिभावकों में भी खुशी की लहर है तथा विद्यार्थियों के घरों में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अशोका पब्लिक स्कूल का यह उत्कृष्ट परिणाम न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि समर्पण, परिश्रम और सकारात्मक मार्गदर्शन से सफलता की हर ऊँचाई प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!