नारी शक्ति का हुंकार: महिला अधिकारों पर कवर्धा में गूंजा जन आक्रोश सम्मेलन

कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, जिला कबीरधाम द्वारा 28 अप्रैल 2026 को भाजपा जिला कार्यालय कवर्धा में “जन आक्रोश महिला सम्मेलन” का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े प्रस्तावित संशोधनों के पारित न हो पाने के विरोध में आयोजित हुआ, जिसमें महिला अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी के निर्देश, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजेंद्र चंद्रवंशी की सहमति तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पंडरिया विधायक भावना बोहरा उपस्थित रहीं। सम्मेलन में जिला व मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अपने संबोधन में विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।
वहीं विजयलक्ष्मी तिवारी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर तीखा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के वैधानिक अधिकारों में बाधा लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के विरुद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला शक्ति अपने अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
सम्मेलन के दौरान उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे महिला सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनजागरण अभियान को लगातार आगे बढ़ाएंगी।
कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं की भागीदारी और जोश ने यह संदेश दिया कि आज की नारी अपने अधिकारों के प्रति पूरी तरह जागरूक और मुखर है। सम्मेलन एकजुटता, उत्साह और दृढ़ संकल्प के माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!