अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित महतारी वंदन सम्मेलन में प्रदेश की नारी शक्ति का सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम से प्रेरित होकर पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विधायक Bhavna Bohra द्वारा मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित भव्य महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं तथा शासन की योजनाओं से लाभान्वित बहनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और सभी को International Women’s Day की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिवस महिलाओं की शक्ति, आत्मसम्मान और समाज निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को नमन करने का अवसर है। विधायक बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश में महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है और आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में मातृशक्ति को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे महिलाओं का आत्मविश्वास और परिवार की आर्थिक मजबूती दोनों बढ़े हैं।

उन्होंने पंडरिया विधानसभा में बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए महाविद्यालय जाने वाली छात्राओं के लिए 8 निःशुल्क बसों का संचालन शुरू किए जाने की जानकारी दी। इस पहल से करीब 1000 छात्राओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही प्रतिभावान युवाओं के लिए लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग की शुरुआत भी की गई है, जहां CGPSC, NEET और IIT-JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 300 से अधिक छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क मार्गदर्शन मिल रहा है।
कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निःशुल्क सिलाई मशीन वितरण, नारी सम्मान अलंकरण समारोह जैसे कई प्रयासों का उल्लेख करते हुए विधायक बोहरा ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार की लखपति दीदी योजना, नमो ड्रोन दीदी योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की हर महिला आत्मनिर्भर बने और विकास की मुख्यधारा में अग्रणी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि आज की नारी केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, कृषि, उद्यम, तकनीक और नेतृत्व के क्षेत्र में भी अपनी सशक्त पहचान बना रही है।






