कबीरधाम जिले में 3 नवंबर से चल रही जिला सहकारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल अब समाप्त हो गई है। संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर गोपाल वर्मा से मुलाकात कर हड़ताल स्थगित करने का पत्र सौंपा।
संघ ने बताया कि शासन द्वारा 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू कर दी गई है, और किसानों के हित को सर्वोपरि रखते हुए सभी कर्मचारी 21 नवंबर, शुक्रवार से अपने कार्य पर लौटेंगे।
कलेक्टोरेट में हुई इस मुलाकात के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, संयुक्त कलेक्टर आर. बी. देवांगन, उप पंजीयक सहकारिता जी. एस. शर्मा, खाद्य अधिकारी सचिन मरकाम, डीएमओ अभिषेक मिश्रा, सीसीबी नोडल आर. पी. मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं जिला सहकारी संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने हड़ताल स्थगन का स्वागत करते हुए कहा कि धान खरीदी को सुचारू और समयबद्ध रूप से संचालित करने में इससे बड़ी राहत मिलेगी।


