सुदूर वनांचल बैगा बहुल क्षेत्र रेंगाखार में विकास की एक नई कहानी लिखी जा रही है। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज 2 करोड़ 24 लाख रुपए की लागत से बनने वाले रेंगाखार जलाशय शीर्ष एवं सीसी नहर लाइनिंग कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण, महिलाएँ, युवा और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस जलाशय के निर्माण से क्षेत्र के हजारों किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। परियोजना के पूर्ण होने पर 264 हेक्टेयर कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे फसल उत्पादन बढ़ेगा, किसानों की आय में वृद्धि होगी और वनांचल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विष्णुदेव सरकार का उद्देश्य केवल संरचनाएँ खड़ी करना नहीं, बल्कि ऐसे स्थायी व प्रभावी विकास कार्य करना है, जो किसान, आदिवासी और वनांचल के लोगों के जीवन को सीधे बेहतर बना सकें। रेंगाखार जलाशय को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की गई, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और क्षेत्र को नई पहचान मिल सकेगी।

उपमुख्यमंत्री ने जलाशय स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों और किसानों से संवाद कर आश्वासन दिया कि राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ है।
स्थानीय किसानों ने बताया कि यह परियोजना उनके जीवन में स्थायी खुशहाली का द्वार खोलेगी। वर्षा आधारित खेती की अनिश्चितता से मुक्ति मिलने के बाद अब उनके खेत सालभर हरे-भरे रहेंगे, और कृषि के नए अवसर विकसित होंगे।
रेंगाखार जलाशय परियोजना न सिर्फ सिंचाई सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि जल संरक्षण, भू-जल पुनर्भरण और समग्र ग्रामीण विकास की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी। आने वाले समय में यह परियोजना पूरे परिसर के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य को नई ऊँचाई देने वाली साबित होगी।


