कबीरधाम। जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में आज दिनांक 14.11.2025 को वर्ष 2024-25 के दौरान विभिन्न मामलों में जप्त मादक पदार्थों का सुरक्षित, वैज्ञानिक एवं विधि-सम्मत निस्तारण किया गया। यह कार्रवाई जिले में नशे के अवैध व्यापार के विरुद्ध एक बड़ी एवं निर्णायक पहल के रूप में देखी जा रही है।
माननीय न्यायालय द्वारा भौतिक सत्यापन के पश्चात जिले के विभिन्न थानों में जप्त कुल 658.478 किलोग्राम गांजा तथा 360 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹1,23,76,328 है, का पूर्णतः भस्मीकरण भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना राम्हेपुर की हाई-टेंपरेचर भट्टी में किया गया। यह संपूर्ण प्रक्रिया सुरक्षा व्यवस्था एवं समिति की सतत निगरानी में पूर्णतः पारदर्शी रूप से संपन्न हुई।
इस कार्रवाई के दौरान जिला ड्रग डिस्पोजल समिति के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजय सिंह धुर्वे उपस्थित रहे।
साथ ही उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री आशीष शुक्ला, निरीक्षक उमाशंकर राठौर, शक्कर कारखाना के जी.एम श्री अंकित मरकाम, चौकी प्रभारी पौड़ी उप निरीक्षक श्री लक्ष्मीनारायण साव, डीसीबी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक श्री सफीक कुरैशी, मलखाना प्रभारी सहायक उप निरीक्षक जीवन राय, प्रधान आरक्षक लोकेश शर्मा, प्रधान आरक्षक शोभाराम चंद्रवंशी सहित पिपरिया, पंडरिया, पांडातराई, कुंडा, चिल्फी, कुकुदुर, कवर्धा, बोडला एवं आबकारी वृत्त पंडरिया के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई प्रशासन की प्रतिबद्धता और सख्ती को प्रदर्शित करती है।





