कवर्धा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शताब्दी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित “संघ युग प्रवर्तक” नाट्य आविष्कार कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत आज कवर्धा से हुई। इस विशेष अवसर पर पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रमुख, स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे। मंच पर संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलराम हेडगेवार के जीवन, उनके विचारों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की पृष्ठभूमि को एक सशक्त नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत किया गया।
डॉ. हेडगेवार के जीवन पर केंद्रित नाट्य मंचन
कार्यक्रम की प्रमुख आकर्षण रही नाट्य प्रस्तुति में डॉ. हेडगेवार के व्यक्तित्व और संघ की स्थापना के उद्देश्यों को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने दिखाया कि किस प्रकार हेडगेवार ने भारतीय समाज में राष्ट्र चेतना जगाने का संकल्प लिया और देश की सांस्कृतिक एकता के लिए संगठन निर्माण की दिशा में कार्य किया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी शुभकामनाएं
मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा —
“राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ऐसा संगठन है, जिसके अनेक अंग आज दुनिया के सबसे बड़े संगठनों में शामिल हैं। संघ का कार्य समाज को जोड़ने, राष्ट्र को सशक्त करने और भारतीयता की भावना को मजबूत करने का है।”
उन्होंने आगे कहा —
“जो भारत को माता मानता है, जो भारत माता की जय कहता है, जो धरती माता को प्रणाम करता है — वही सच्चा हिंदू है। जब भारतीय समाज को उसकी मूल पहचान से दूर करने की कोशिशें हो रही थीं, तब संघ ने राष्ट्र चेतना को पुनर्जीवित करने का काम किया।”
सात जिलों में होंगे नाट्य आविष्कार कार्यक्रम
संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर यह नाट्य आविष्कार कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के सात जिलों में आयोजित किए जा रहे हैं। कवर्धा से प्रारंभ हुई यह श्रृंखला क्रमशः अन्य जिलों में भी आयोजित होगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवा पीढ़ी को संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार के आदर्शों और देशभक्ति के संदेश से अवगत कराने का उद्देश्य है।
इस नाट्य श्रृंखला का समापन 15 नवंबर को जगदलपुर में भव्य आयोजन के साथ किया जाएगा।


