शक्ति पर्व पर विधायक भावना बोहरा की बड़ी सौगात, पंडरिया में 30 लाख 93 हजार रुपये की लागत से महिला चौपाटी का भव्य लोकार्पण, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण का नया मंच

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को रोजगार से जोड़ने की दिशा में विधायक भावना बोहरा ने महत्वपूर्ण पहल की है। शक्ति के पर्व नवरात्रि के अवसर पर उन्होंने पंडरिया नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 में सामुदायिक भवन के पास 30 लाख 93 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित महिला चौपाटी का लोकार्पण किया। इस पहल से क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार, छोटे व्यवसाय और आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

महिला चौपाटी के माध्यम से महिलाएं अपने कौशल और प्रतिभा का उपयोग कर व्यवसाय के नए अवसर तलाश सकेंगी। यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही सामाजिक सहभागिता और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी सहायक होगी।

लोकार्पण अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल परिवार की उन्नति नहीं, बल्कि मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की नींव है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनती हैं, तो वे अपने परिवार के साथ-साथ समाज और क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। महिला चौपाटी का उद्देश्य माताओं-बहनों को अपने हुनर के बल पर आगे बढ़ने और अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर देना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक संबल देने तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने में मददगार हैं।

विधायक ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों के साथ महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान को भी प्राथमिकता दी जा रही है। महिला चौपाटी महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने और विकसित पंडरिया के संकल्प को मजबूत करने वाली पहल है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, मंडल अध्यक्ष रविश सिंह ठाकुर, पार्षदगण, एल्डरमैन, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!