4.12 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, विधायक भावना बोहरा ने सड़क और विश्राम गृह का किया भूमिपूजन

पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम करपीकला में 2 करोड़ 75 लाख 41 हजार रुपए की लागत से बनने वाली दामापुर-बरेजहा-भरेवापारा-करपी सड़क का भूमिपूजन किया। बहुप्रतीक्षित सड़क के निर्माण से दामापुर सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही पंडरिया में 1 करोड़ 37 लाख 54 हजार रुपए की लागत से बनने वाले नवीन विश्राम गृह का भी भूमिपूजन किया गया। दोनों कार्यों की कुल लागत 4 करोड़ 12 लाख 95 हजार रुपए है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सड़क और अधोसंरचना से जुड़े कार्य उनकी प्राथमिकताओं में हैं। सड़क निर्माण से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार से जुड़े कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा के गांवों और वनांचल क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, आवास, पेयजल और अन्य अधोसंरचना से जुड़े विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!