कवर्धा। कवर्धा से सरोधा होते हुए भोरमदेव जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर खड्गराज कुमार सिंह ने सड़क का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। मार्ग की जर्जर और संकरी स्थिति को देखते हुए उन्होंने जिला कलेक्टर कबीरधाम को पत्र लिखकर सड़क के शीघ्र निर्माण एवं चौड़ीकरण की मांग की है।
खड्गराज कुमार सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि इस मार्ग के निर्माण और चौड़ीकरण की मांग क्षेत्रवासी पिछले करीब 10 वर्षों से करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है। यह मार्ग आसपास के 10 से अधिक गांवों के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और पर्यटकों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है।
उन्होंने बताया कि कवर्धा शहर के वरिष्ठ नागरिक भी सुबह-शाम इसी मार्ग पर पैदल भ्रमण करते हैं, जबकि पुलिस और अन्य सेवाओं की भर्ती की तैयारी करने वाले युवा यहां नियमित रूप से दौड़ एवं शारीरिक अभ्यास करते हैं। मार्ग की संकरी और जर्जर स्थिति के कारण आमने-सामने से वाहनों के आने पर आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने भोरमदेव अभ्यारण्य क्षेत्र में विकसित हो रहे कॉरिडोर और पर्यटन सुविधाओं का हवाला देते हुए कहा कि आने वाले समय में पर्यटकों और वाहनों की संख्या बढ़ेगी। ऐसे में वर्तमान सड़क भविष्य के बढ़ते यातायात का दबाव संभालने में सक्षम नहीं होगी।
कलेक्टर को लिखे पत्र में मार्ग का तकनीकी सर्वेक्षण कराने, चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने तथा आवश्यक बजट और प्रशासकीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शासन एवं संबंधित विभाग को भेजने की मांग की गई है। साथ ही पैदल चलने वाले वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं की सुरक्षा के लिए सड़क सुरक्षा संबंधी प्रावधान शामिल करने की भी मांग की गई है।
खड्गराज कुमार सिंह ने कहा कि यह सिर्फ सड़क निर्माण का मामला नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की सुविधा, सुरक्षा और भोरमदेव के भविष्य के पर्यटन विकास से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रशासन से भोरमदेव कॉरिडोर के पूर्ण विकास से पहले ही इस मार्ग के निर्माण एवं चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।


