कवर्धा। कबीरधाम जिले की चौकी पोड़ी पुलिस ने चांदी की माला झपटमारी और सोने की पत्ती चोरी के मामले में 22 वर्षीय आरोपी गुलाबचंद राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने साथी राधेलाल चतुर्वेदी के साथ मिलकर जुए में हुए कर्ज को चुकाने के लिए चोरी और झपटमारी की योजना बनाई थी।
आरोपियों ने 6 नवंबर 2025 को ग्राम कारेसरा में बाइक से पहुंचकर खेत के पास एक महिला के गले से 9 नग चांदी की रूपया माला झपट ली। महिला के विरोध करने पर धारदार हसिया से वार कर दोनों फरार हो गए। बाद में चांदी के रूपयों को आपस में बांट लिया।
वहीं 11 अप्रैल 2026 को ग्राम गण्डईकला मोड़ के पास मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बहाने पहुंचे आरोपियों ने एक बुजुर्ग महिला के गले की माला हसिया से काटकर सोने की पत्तियां चोरी कर ली थीं।
थाना पिपरिया में गिरफ्तार साथी आरोपी राधेलाल से पूछताछ के बाद गुलाबचंद की भूमिका सामने आई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चांदी का रूपया और एक सोने की पत्ती बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


