सावन माह के शुभारंभ के साथ ही भगवान भोलेनाथ के भक्तों की आस्था यात्रा भी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने लगातार पांचवें वर्ष अमरकंटक में कबीरधाम जिले के कांवड़ यात्रियों के लिए सर्वसुविधायुक्त निःशुल्क भोजन एवं विश्राम शिविर की शुरुआत की है। सावन के पहले दिन ही यहां 400 से अधिक कांवड़ यात्रियों ने पहुंचकर भोजन, विश्राम और अन्य सुविधाओं का लाभ लिया।
अमरकंटक के मेला मैदान (डोम), नया नगर पालिका के पास स्थापित इस सेवा शिविर में 30 जुलाई से 24 अगस्त तक शिवभक्तों के लिए सुबह चाय-नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि भोजन, स्नान, पेयजल, विश्राम सहित सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर का संचालन भावना समाज सेवी संस्थान के सदस्य चौबीसों घंटे कर रहे हैं।
सावन की पहली संध्या पर शिविर पहुंचे कांवड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया। सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सात्विक भोजन ग्रहण किया तथा माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ की भव्य संध्या आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की।
केवल अमरकंटक ही नहीं, बल्कि इस वर्ष पहली बार मध्यप्रदेश के गोपालपुर पंचायत परिसर में भी कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क विश्राम स्थल की व्यवस्था की गई है। वहीं पंडरिया विधानसभा के प्रमुख धार्मिक स्थल जलेश्वर महादेव, डोंगरिया में पूरे सावन माह प्रतिदिन श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष विधायक भावना बोहरा की इस पहल से 15 हजार से अधिक कांवड़ यात्रियों ने लाभ उठाया था। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। यात्रियों की सहायता के लिए 9755359004 एवं 9754462000 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि कबीरधाम से हजारों शिवभक्त कठिन कांवड़ यात्रा कर अमरकंटक पहुंचते हैं। उनकी यात्रा सुरक्षित, सुविधाजनक और मंगलमय हो, इसी उद्देश्य से यह सेवा अभियान लगातार पांचवें वर्ष भी जारी है। उन्होंने कहा कि “शिवभक्तों की सेवा करना भगवान भोलेनाथ की सेवा करने के समान है और यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है।”




