कवर्धा/पंडरिया। बदलते दौर में तकनीकी शिक्षा को ग्रामीण विद्यार्थियों तक पहुंचाने की दिशा में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने एक अभिनव पहल की है। जल्द ही पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” नाम से मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब की शुरुआत होने जा रही है। इस अत्याधुनिक साइंस लैब के माध्यम से सरकारी हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल तथा सरस्वती शिशु मंदिरों के विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में ही AI, रोबोटिक्स, ड्रोन, 3D प्रिंटिंग, कोडिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह मोबाइल लैब विशेष रूप से तैयार बस में संचालित होगी, जो पंडरिया विधानसभा के विभिन्न विद्यालयों तक पहुंचेगी। प्रत्येक विद्यालय में 3 से 5 दिनों की कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें 5 अनुभवी प्रशिक्षक विद्यार्थियों को बेसिक से एडवांस स्तर तक प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
पहले चरण में 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण
प्रथम चरण में कक्षा 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राएं केवल सिद्धांत ही नहीं पढ़ेंगे, बल्कि स्वयं ड्रोन उड़ाएंगे, रोबोट संचालित करेंगे, कोडिंग करेंगे, 3D मॉडल तैयार करेंगे तथा AR/VR तकनीक का अनुभव भी प्राप्त करेंगे।
हर साल 5000 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रतिवर्ष 5000 से अधिक विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीकी शिक्षा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी शिक्षा के बीच तकनीकी अंतर को कम करना, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, रचनात्मकता और आधुनिक कौशल विकसित करना है।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि आज का समय विज्ञान और तकनीक का है। यदि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक संसाधन और अवसर मिलें, तो वे किसी से पीछे नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाना है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी पंडरिया विधानसभा में छात्राओं के लिए 10 निःशुल्क बसों का संचालन शुरू किया गया, जिससे अब तक 1500 से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए ‘लक्ष्य’ निःशुल्क कोचिंग भी संचालित की जा रही है, जहां IIT-JEE, NEET और CGPSC जैसी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।
जल्द होगा शुभारंभ
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के शुभारंभ की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। आगामी कुछ दिनों में इस मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का शुभारंभ कर विद्यार्थियों को इसका लाभ दिलाया जाएगा।



