पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को नई गति देते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम दशरंगपुर में 3 करोड़ 3 लाख 68 हजार रुपये की लागत से दशरंगपुर से खंडसरा तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।
विधायक बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों की निरंतर श्रृंखला “डबल इंजन” सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने बताया कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में लगभग 400 किलोमीटर से अधिक सड़कों के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे। सड़क, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
ग्रामीणों को मिलेंगे अनेक लाभ
दशरंगपुर से खंडसरा तक बनने वाली इस सड़क से क्षेत्र के कई गांवों को वर्षभर सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में समय और लागत की बचत होगी। विद्यार्थियों को स्कूल, मरीजों को अस्पताल तथा ग्रामीणों को बाजार तक बेहतर संपर्क मिलेगा। आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी।
विधायक बोहरा ने कहा कि ग्रामीण व्यापार, लघु उद्यम और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को इस सड़क से नई गति मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि ग्रामीण क्षेत्रों तक शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जिला एवं मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि, जनपद सदस्य, सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



