इन्दौरी में विकास की नई उड़ान: विधायक भावना बोहरा ने 2.85 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात, मिनी स्टेडियम सहित कई निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
पंडरिया विधानसभा अंतर्गत नगर पंचायत इन्दौरी में विकास को नई गति देते हुए विधायक भावना बोहरा ने 2 करोड़ 85 लाख 5 हजार रुपए के विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में विकास कार्यों को तेजी मिली है, वहीं विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों से इन्दौरी नगर पंचायत में खेल, सौन्दर्यीकरण, स्वच्छता और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति मिली है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने 1 करोड़ 91 लाख 87 हजार रुपए की लागत से बनने वाले मिनी स्टेडियम तथा 53 लाख 72 हजार रुपए की लागत से निर्मित होने वाले एस.एल.आर.एम. सेंटर का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल चौक एवं 19 लाख 91 हजार रुपए की लागत से बने परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा चौक का लोकार्पण भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इन्दौरी नगर पंचायत अब तेजी से विकसित नगरों की श्रेणी में अपनी पहचान बना रहा है। सड़कों, खेल सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, शिक्षा, स्वच्छता और सौन्दर्यीकरण के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि मिनी स्टेडियम बनने से क्षेत्र के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा, जबकि एस.एल.आर.एम. सेंटर आधुनिक स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती देगा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर में भी शामिल हुईं। उन्होंने आम जनता से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरण तथा गर्भवती माताओं की गोदभराई भी की गई।
उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इन्दौरी नगर में पिछले वर्षों में लगभग 10 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है, जिनमें मुक्तिधाम उन्नयन, व्यावसायिक परिसर, इन्दौरी से बहरमुड़ा तक बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण, मंगल भवन, हाईमास्ट लाइट, सीसी रोड, नाली निर्माण और चौक-चौराहों के सौन्दर्यीकरण जैसे अनेक कार्य शामिल हैं।






