पंडरिया के विकास कार्यों पर सदन में चर्चा, विधायक भावना बोहरा ने रखी क्षेत्र की समस्याएं

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा में महिला एवं बाल विकास विभाग के बजट पर चर्चा के दौरान पंडरिया विधानसभा के ग्रामीण, वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन और पोषण कार्यक्रमों को मजबूत करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सेवाओं के विस्तार से महिलाओं और बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
विधायक बोहरा ने इसके साथ ही पंचायतों के डिजिटलीकरण, कंप्यूटर विहीन ग्राम पंचायतों, स्वास्थ्य सुविधाओं, जी-राम-जी (पूर्व में मनरेगा) योजना के अंतर्गत मजदूरों के लंबित भुगतान तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को भी सदन में प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने प्रश्न किया कि कबीरधाम जिले में वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में ग्राम पंचायतों के माध्यम से कितने विकास कार्य स्वीकृत हुए और उन पर कितनी राशि खर्च की गई। सरकार की ओर से बताया गया कि 15वें वित्त और मूलभूत योजनाओं के तहत 6,254 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनके लिए 67 करोड़ 80 लाख 91 हजार रुपये स्वीकृत हुए। इनमें से अब तक 35 करोड़ 49 लाख 93 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं। 3,573 कार्य पूर्ण, 1,373 प्रगतिरत और 1,237 कार्य अभी प्रारंभ नहीं हुए हैं।
ग्राम पंचायतों में कंप्यूटर की उपलब्धता पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में बताया गया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में पंचायत संचालन के लिए 2024-25 से 2025-26 के बीच कुल 7 कंप्यूटर खरीदे गए हैं, जिन पर 4 लाख 61 हजार 490 रुपये खर्च किए गए।

जी-राम-जी योजना के अंतर्गत मजदूरों के भुगतान पर सरकार ने जानकारी दी कि 27 फरवरी 2026 की स्थिति में 225.09 लाख मानवदिवस का लगभग 53143.71 लाख रुपये का मजदूरी भुगतान राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण लंबित है।
स्वास्थ्य सेवाओं के संदर्भ में बताया गया कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत प्रदेश के 17 जिलों में क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण विभिन्न चरणों में है, जबकि कबीरधाम जिला अस्पताल में प्लिंथ लेवल का कार्य प्रगतिरत है।
विधायक बोहरा ने जिले में बेरोजगार युवाओं की स्थिति पर भी प्रश्न उठाया। सरकार के अनुसार कबीरधाम जिले में 31 जनवरी 2026 तक 28,619 युवक और 18,811 युवतियां रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हैं। पिछले दो वर्षों में रोजगार मेला और प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से जिले के 211 युवाओं को रोजगार मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!