NH-30 के 4-लेन विस्तार को केंद्र की मंजूरी, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल रंग लाई,
जबलपुर–मंडला–चिल्फी से रायपुर तक सीधी 4-लेन कनेक्टिविटी का रास्ता साफ, कवर्धा बायपास को भी मिली स्वीकृति

कवर्धा,छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) के महत्वपूर्ण हिस्सों के 4-लेन उन्नयन को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिल गई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर जबलपुर से रायपुर के बीच बढ़ते यातायात दबाव और जनसुरक्षा का मुद्दा उठाया था।
अपने पत्र में विजय शर्मा ने उल्लेख किया था कि जबलपुर से रायपुर के मध्य NH-30 पर जिला कबीरधाम मुख्यालय स्थित है और यह मार्ग व्यावसायिक, सामाजिक एवं राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मार्ग पर भारी वाहनों का लगातार आवागमन रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती जा रही है।
उन्होंने पत्र में बताया था कि हाल ही में जबलपुर–मंडला–चिल्फी सेक्शन (लगभग 160 किमी) को 4-लेन किए जाने की घोषणा की गई है। ऐसे में चिल्फी (धरईपानी) से सिमगा (रायपुर) तक लगभग 122 किमी के शेष हिस्से को भी 4-लेन में उन्नयन की स्वीकृति दी जानी आवश्यक है, ताकि जबलपुर से रायपुर तक सीधी और सुगम 4-लेन कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सके।
इसके साथ ही लोकहित एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कवर्धा बायपास (4L + PS) निर्माण की भी मांग की गई थी, जिससे शहर के भीतर भारी यातायात का दबाव कम हो और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
केंद्र सरकार से मिली स्वीकृति के बाद क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि 4-लेन सड़क बनने से व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं आम नागरिकों को भी सुरक्षित और तेज आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!