Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में संचालित कृषक उन्नति योजना के तहत धान के अंतर की राशि किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर कर दी गई। राज्य स्तरीय वृहद किसान सम्मेलन, बिल्हा (बिलासपुर) से मुख्यमंत्री ने रिमोट दबाकर 24 लाख 28 हजार से अधिक किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि जारी की, ताकि होली से पहले किसान परिवार खुशहाली के साथ त्योहार मना सकें।
इसी क्रम में बोड़ला ब्लॉक के 26,100 अन्नदाताओं को कुल 97,80,95,646 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। यह राशि धान की खरीदी पर एमएसपी से अधिक राज्य द्वारा तय 3100 रुपये प्रति क्विंटल के अंतर को पूरा करती है। पिछले दो वर्षों में इस योजना के तहत 25 हजार करोड़ से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है, और इस किस्त के साथ यह आंकड़ा 35 हजार करोड़ रुपये से पार हो गया है।

मंगलभवन में हुआ सम्मान समारोह
बोड़ला के मंगलभवन में आयोजित समारोह में किसानों को अंतर राशि के प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं कृषि स्थायी समिति के सभापति रामकुमार भट्ठ ने कहा कि यह अंतर की राशि केवल घोषणा नहीं, बल्कि Narendra Modi की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने कहा कि होली से पहले किसानों को यह आर्थिक संबल मिलना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष श्रीमती बालाका बाई के प्रतिनिधि रामकिंकर वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय किसान चिंतित रहते थे, लेकिन अब भाजपा सरकार में किसानों के चेहरे पर संतोष और विश्वास दिखाई देता है।
भाजपा जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल ने कहा कि यह वादा निभाने वाली सरकार है। 6 फरवरी तक धान खरीदी पूरी कर मात्र 22 दिनों में किसानों के खातों में लगभग सौ करोड़ रुपये की अंतर राशि एकमुश्त डाल दी गई, जो किसानों के लिए बड़ी उपलब्धि है।


