₹3.41 करोड़ की लागत से 5 किमी सड़क निर्माण का विधायक भावना बोहरा ने किया भूमिपूजन
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में विकास का पहिया तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ₹3 करोड़ 41 लाख 20 हजार की लागत से मेन रोड (SH-05) से ग्राम दानियाखुर्द तक 5 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस बहुप्रतीक्षित सड़क की स्वीकृति और भूमिपूजन से क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए इस विकास कार्य के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से पंडरिया विधानसभा में निरंतर अधोसंरचना विकास के कार्य हो रहे हैं, जिससे गांव-गांव तक पक्की सड़कों की पहुंच सुनिश्चित हो रही है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि “ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास की रीढ़ है। मजबूत सड़कें किसानों को बाजार से जोड़ती हैं, युवाओं को रोजगार के अवसर देती हैं और शिक्षा, स्वास्थ्य व आपात सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाती हैं।” प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने गांवों को शहरों से ही नहीं, बल्कि विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया है।

इस सड़क के निर्माण से ग्राम तालपुर, बिरनपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा निर्माण कार्य के दौरान रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। बेहतर कनेक्टिविटी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
विधायक भावना बोहरा ने आगे कहा कि पंडरिया विधानसभा में कोई भी गांव विकास से वंचित न रहे, यही उनका संकल्प है। नई सड़कें, पुल-पुलिया और अधोसंरचना निर्माण के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सड़क पंडरिया विधानसभा के लिए विकास की मजबूत नींव साबित होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के पश्चात विधायक भावना बोहरा ग्राम दानियाखुर्द में पटेल समाज द्वारा आयोजित माँ शाकंभरी जयंती समारोह में शामिल हुईं। समाजजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि माँ शाकंभरी प्रकृति, कृषि और मानव जीवन की संरक्षिका हैं। उनका संदेश हमें प्रकृति के सम्मान, अन्न के आदर और सामूहिक कल्याण की भावना सिखाता है।


