07 जनवरी (हमरखबर)कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा के विकास को नई दिशा और गति देने 9 जनवरी को छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्री श्री अरुण साव नगर आगमन पर रहेंगे। इस अवसर पर उनके मुख्य आतिथ्य में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान, पंडरिया में सुबह 10 बजे से नगर पालिका परिषद पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह आयोजित किया जाएगा।
विधायक भावना बोहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पंडरिया विधानसभा के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि प्रदेश के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव का आगमन हो रहा है। उनके द्वारा पंडरिया विधानसभा वासियों को अनेक विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकार श्री विवेक शर्मा द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी जाएगी। विधायक बोहरा ने पंडरिया विधानसभा की समस्त जनता से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार में पंडरिया विधानसभा को लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना निर्माण और सामुदायिक संरचनाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से पूर्ण हो रहे हैं। इन कार्यों के लोकार्पण से जहां जनता को सुविधाएं मिलेंगी, वहीं नई योजनाओं के भूमिपूजन से भविष्य के विकसित पंडरिया की मजबूत नींव रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के लिए विकास, सुशासन और जनकल्याण केवल वादे नहीं बल्कि सतत विकास यात्रा का हिस्सा हैं। माननीय उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव का आगमन पंडरिया विधानसभा के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। केंद्र और राज्य में भाजपा के सशक्त नेतृत्व के चलते क्षेत्र को निरंतर नई सौगातें मिल रही हैं और वर्षों से लंबित कार्य तेजी से पूरे हो रहे हैं।
भावना बोहरा ने आगे कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कुशासन में उपेक्षित रहा पंडरिया विधानसभा, बीते दो वर्षों में डबल इंजन भाजपा सरकार के कुशल नेतृत्व में तेजी से विकास की राह पर अग्रसर हुआ है। गांव-गांव तक बेहतर सड़कें, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पेयजल, बिजली और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, महिलाओं और किसानों को आत्मनिर्भर करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षित है। विधायक बोहरा ने सभी क्षेत्रवासियों से आह्वान किया है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें और पंडरिया के उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ते कदमों को और मजबूती प्रदान करें।



