अटल जी की दूरदर्शिता से बना छत्तीसगढ़, आज विकास पथ पर अग्रसर: भावना बोहरा

कवर्धा। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में पंडरिया विधानसभा अंतर्गत यज्ञ स्थल, कुंडा में विधानसभा स्तरीय अटल समिति सम्मेलन का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
सम्मेलन का शुभारंभ राजनांदगांव सांसद श्री संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी एवं जिला संगठन प्रभारी श्री महेश वर्मा द्वारा स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी एक ऐसे नेता थे जिन्होंने प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और संसद की विभिन्न समितियों में रहते हुए देश को नई दिशा दी। जनसंघ से लेकर भाजपा के निर्माण तक उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही। छत्तीसगढ़ राज्य का गठन अटल जी की दूरदर्शिता का परिणाम है, जिसने प्रदेश को विकास के नए अवसर प्रदान किए।
विधायक भावना बोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन यह सिखाता है कि राजनीति सत्ता का नहीं, बल्कि साधना का मार्ग है। वे केवल कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, प्रखर वक्ता और राष्ट्र को दिशा देने वाले महान चिंतक थे। पोखरण परमाणु परीक्षण, लाहौर बस यात्रा, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने भारत को वैश्विक मंच पर सशक्त बनाया।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अटल जी के सपनों को साकार कर रहा है। कश्मीर से लेकर राम मंदिर निर्माण तक, नया भारत अटल संकल्पों के साथ आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ का निर्माण केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान और अधिकारों का सम्मान था।
भावना बोहरा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने विकास के कई कीर्तिमान स्थापित किए और वर्तमान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ निरंतर प्रगति कर रहा है। महिला, किसान और युवा वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी, जिला संगठन प्रभारी श्री महेश वर्मा एवं मुंगेली के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री शैलेश पाठक ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में पंडरिया विधानसभा के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!